Saturday 31 August 2019

पीसीसी चीफ का फैसला टल गया, दिल्ली-हरियाणा के बाद तय होगा मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष।


भोपाल: मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष का फैसला दिल्ली और हरियाणा प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष बनने के बाद होगा। मुख्यमंत्री कमलनाथ ने शुक्रवार को पार्टी अध्यक्ष सोनिया गांधी से दिल्ली में मुलाकात की। उन्होंने कहा कि प्रदेश में जल्द से जल्द नया अध्यक्ष चुन लिया जाना चाहिए। दोनों के बीच करीब एक घंटे चर्चा हुई। सूत्रों के मुताबिक सोनिया ने कमलनाथ से पूछा कि मध्यप्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी किसे दी जाना चाहिए। इस पर कमलनाथ ने कहा- 8 से 10 दावेदार हैं, आप इनसे मिलकर खुद निर्णय करें तो बेहतर होगा। अब मैं प्रदेश अध्यक्ष के पद पर रहना नहीं चाहता। इस पर सोनिया ने कहा कि जल्द निर्णय करेंगे। उन्होंने कहा कि दिल्ली और हरियाणा में भी नए अध्यक्ष नियुक्त करना है। इस कारण मध्यप्रदेश का फैसला होने में समय लगेगा। सोनिया गांधी से गुरुवार को हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने मुलाकात की थी। उन्होंने हरियाणा के प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अशोक तंवर को हटाने को लेकर चर्चा की है, इसलिए अब हरियाणा में बदलाव होना है। वहीं, शीला दीक्षित के निधन के कारण दिल्ली में नया अध्यक्ष तय होना है।

  • दूसरे राज्यों के हालात व चुनाव पर चर्चा सूत्रों के मुताबिक सोनिया ने कमलनाथ से कहा कि आपने गांधी परिवार के साथ लंबे समय तक काम किया है। आप कांग्रेस की ताकत हैं। आपके अनुभव का फायदा मिलना चाहिए। सोनिया ने दूसरे राज्यों के हालात के बारे में पूछा तो कमलनाथ ने उनके राजनीतिक घटनाक्रमों पर चर्चा की। झाबुआ के होने वाले विधानसभा उपचुनाव को लेकर भी चर्चा हुई। उन्होंने मध्यप्रदेश में सरकार की योजनाओं, आगामी निकाय चुनाव और संगठन को मजबूत करने की रणनीति पर भी बात की।
  • कार्यकारी अध्यक्ष बदलेंगे मध्यप्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष भी बदले जाएंगे। अभी दो मंत्री बाला बच्चन और जीतू पटवारी के पास कार्यकारी अध्यक्ष का पद भी है। इनके अलावा सुरेंद्र चौधरी और रामनिवास रावत कार्यकारी अध्यक्ष हैं। मंत्री बनने के कारण बच्चन और पटवारी की जगह दूसरे कार्यकारी अध्यक्ष चुने जाएंगे।

मेरी कोशिश है कि प्रदेश कांग्रेस का नया अध्यक्ष जल्द बनाया जाए, क्योंकि मेरे पास मुख्यमंत्री पद का भी दायित्व है। पहले लोकसभा का चुनाव था, इसलिए मुझसे कहा गया था कि अभी यह दायित्व संभालना है। मैंने सोनिया गांधी के सामने अपनी बात रखी है। अब फैसला उन्हें ही करना है। - कमलनाथ, मुख्यमंत्री

पद खाली नहीं है, कोई जल्दबाजी नहीं है: दिग्विजय सिंह ।

पीसीसी चीफ बनने के सवाल पर पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह ने साफ इनकार कर दिया। उन्होंने हाथ हिलाकर इशारों में कहा-नहीं, नहीं, नहीं। दिग्विजय सिंह ने कहा कि कमलनाथ वर्तमान PCC चीफ हैं। खाली नहीं है पद, कोई जल्दबाजी नहीं है। ज्योतिरादित्य सिंधिया की नाराजगी पर दिग्गी ने कहा कि मेरी सिंधिया से फोन पर बातचीत हुई है वो नाराज नहीं हैं।

No comments:

Post a Comment